Cyclone Akvan: चक्रवात ‘अकवान’ ने बदला मौसम का मिजाज, ओडिशा-बंगाल में तेज बारिश; यूपी-दिल्ली में बढ़ी ठंड
Cyclone Akvan: गोपालपुर के पास तट पार करने के दौरान 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंची हवा की रफ्तार, बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Cyclone Akvan: चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से ओडिशा और आसपास के तटीय इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह से भुवनेश्वर समेत कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ने सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोपालपुर के बेहद नजदीक तट को पार किया। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
अमरावती मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक डॉ. के. नागा रत्ना ने बताया कि चक्रवाती सिस्टम गोपालपुर और पुरी के आसपास सक्रिय रहा। इसके प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग लगातार इसकी दिशा और तीव्रता पर नजर बनाए हुए है।
आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश
चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान काफी बारिश हुई। श्रीकाकुलम और अनकापल्ली जिलों के आधे से अधिक मौसम केंद्रों पर हल्की से लेकर मध्यम और भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर बारिश का आंकड़ा 12 सेंटीमीटर से भी अधिक रहा। इच्छापुरम और मंदासा के कुछ इलाकों में विशेष रूप से तेज बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम पिछले छह घंटों के दौरान 26 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। इसके बाद इसके ओडिशा के ऊपर से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों में कमजोर होकर गहरे दबाव अथवा अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई।
कई शहरों से कुछ सौ किलोमीटर दूर रहा सिस्टम
मौसम विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, चक्रवाती सिस्टम कलिंगपट्टनम से लगभग 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व, गोपालपुर से 170 किलोमीटर दक्षिण, पुरी से 250 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और नरसापुर से करीब 370 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित था।
उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों तक बादलों का फैलाव दिखाई दिया। चक्रवात की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशाखापत्तनम और गोपालपुर स्थित डॉप्लर मौसम रडार की मदद ली गई।
पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवात के असर से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने शनिवार तक कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान कोलकाता में 19.2 मिलीमीटर और मेदिनीपुर में 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। समुद्र में खराब मौसम और ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को शनिवार तक पश्चिम बंगाल के तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड
एक ओर पूर्वी भारत में चक्रवात के कारण बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किया जा रहा है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा भी देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में सुबह धुंध और कोहरे की स्थिति रही। इनमें लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, मऊ, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई शहर शामिल हैं।
मौसम विभाग की निगरानी जारी
चक्रवात ‘अकवान’ के कमजोर पड़ने की संभावना के बावजूद मौसम विभाग ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने की बात कही है। तटीय इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और समुद्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं उत्तर भारत में पहाड़ी क्षेत्रों की बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।



