CJP: 2027 के यूपी चुनाव से पहले CJP की संगठनात्मक तैयारी, 16 लोगों को सौंपी प्रदेश की जिम्मेदारी

CJP: अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 राज्यों में नियुक्त किए प्रभारी, चुनाव लड़ने के बजाय जनप्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाने पर रहेगा फोकस

CJP: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां जारी हैं। इस बीच अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी कई राज्यों में अपनी टीम का गठन किया है। संगठन ने उत्तर प्रदेश सहित 10 राज्यों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। खास बात यह है कि सबसे ज्यादा जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश में दी गई है, जहां 16 लोगों को टीम में शामिल किया गया है।

CJP ने अपनी भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि वह विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने की तैयारी नहीं कर रही है। संगठन खुद को राजनीतिक दल के बजाय एक ‘पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप’ के रूप में देखता है। इसका उद्देश्य चुनाव जीतकर सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके वादों और दायित्वों के प्रति जवाबदेह बनाना है।

संगठन का कहना है कि उसका फिलहाल राजनीतिक पार्टी के रूप में काम करने का कोई इरादा नहीं है। भविष्य में भी पार्टी बनाने की योजना से उसने इनकार किया है। CJP के तीन प्रमुख सदस्य अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास ने भी तत्काल चुनावी राजनीति में आने की बात को खारिज किया है।

यूपी में 16 सदस्यों की समन्वय टीम

कॉकरोच जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए ‘उत्तर प्रदेश स्टेट को-ऑर्डिनेशन कमेटी’ गठित की है। इस समिति में आकाश भडाना, अनुज भडाना, दानिश रज़िक, धीरज पासवान, गजेंद्र सिंह, गजेंद्र गुज्जर, मधु किरन, प्रेमपाल सिंह, राहुल चौरसिया, साजिया खान, श्रीकांत, शुभम वर्मा, सुशोभित जयंत, तुरणी कुमार, उदयकांत और विकास चौरसिया को शामिल किया गया है।

उत्तर प्रदेश में अन्य राज्यों की तुलना में अधिक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इससे साफ है कि संगठन ने राज्य में अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए विस्तृत टीम तैयार की है। हालांकि, CJP ने इन नियुक्तियों को चुनाव लड़ने की तैयारी से जोड़ने से इनकार किया है।

उत्तराखंड में छह लोगों को जिम्मेदारी

CJP ने उत्तराखंड में भी अपनी टीम का विस्तार किया है। वहां छह प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें अंजली कांडपाल, जाह्नवी मेहरा, सक्षम जायसवाल, संयम देवली, शिवांशी बिस्वास और युवराज सिंह शामिल हैं।

इन दोनों राज्यों के अलावा संगठन ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और बिहार में भी प्रभारी नियुक्त किए हैं। साथ ही नॉर्थ ईस्ट जोन के लिए भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

चुनावी राजनीति से अलग रहेगी संगठन की भूमिका

CJP की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, संगठन का मुख्य काम निर्वाचित प्रतिनिधियों के कामकाज और उनके चुनावी वादों पर नजर रखना होगा। जिन मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने जनता से वादे किए हैं, लेकिन उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है, उन्हें उठाकर जवाबदेही तय करने का प्रयास किया जाएगा।

इस तरह CJP ने विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में अपनी टीम तैयार कर ली है। हालांकि, संगठन ने साफ कर दिया है कि उसकी यह कवायद चुनावी मुकाबले में उतरने के लिए नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों पर जनहित के मुद्दों को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से है।

Related Articles