BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, स्मृति ईरानी को दो राज्यों की कमान; विनोद तावड़े संभालेंगे यूपी का प्रभार
बीजेपी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, जबकि विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिली है।
भारतीय जनता पार्टी ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों समेत आने वाले चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। नई सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को एक से अधिक राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपी गई है।
यूपी में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारी
उत्तर प्रदेश को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक टीम में कई नाम शामिल किए हैं। विनोद तावड़े को राज्य का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
तावड़े को अगस्त 2026 में ही यूपी का प्रभारी नियुक्त किया गया था। अब नई सूची में उनके साथ तीन और सह-प्रभारियों को जोड़ा गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में संगठन के स्तर पर जिम्मेदारियों का दायरा और विस्तृत हो गया है।
स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़
बीजेपी ने स्मृति ईरानी को दो राज्यों का प्रभारी बनाया है। उन्हें हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी होंगे, जबकि हरियाणा में डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी की भूमिका में होंगे।
इन राज्यों में भी बदली संगठन की जिम्मेदारी
बीजेपी की नई सूची में कई अन्य बड़े नाम भी शामिल हैं। सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में रीना कश्यप और पंजाब में वीरेंद्र सचदेवा तथा डॉ. अलका गुर्जर सह-प्रभारी होंगे।
गुजरात का प्रभार तरुण चुघ को मिला है। उनके साथ अजय महावर और गोमती साई सह-प्रभारी रहेंगे। हिमाचल प्रदेश में श्रीकांत शर्मा को प्रभारी और दर्शना सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
बिहार और कर्नाटक दोनों राज्यों की जिम्मेदारी हरीश द्विवेदी को दी गई है। बिहार में उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता सह-प्रभारी होंगे, जबकि कर्नाटक में डॉ. कासम वेंकटेश्वरलु को सह-प्रभारी बनाया गया है।
महाराष्ट्र में बैजयंत पांडा के साथ अमित मालवीय
महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को पार्टी का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावड़े और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
अमित मालवीय लंबे समय तक बीजेपी के सोशल मीडिया और डिजिटल संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण काम देखते रहे हैं। नई नियुक्ति के जरिए उन्हें महाराष्ट्र की संगठनात्मक टीम में भी भूमिका मिली है।
असम से लेकर पूर्वोत्तर तक नई टीम
असम में मंगल पांडे को प्रभारी और फांगनोन कोन्याक को सह-प्रभारी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में सुनील बंसल को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि उनके साथ लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा सह-प्रभारी होंगे।
ओडिशा का प्रभार डी. पुरंदेश्वरी को मिला है और डॉ. स्वदेश सिंह सह-प्रभारी होंगे। झारखंड में गजेंद्र पटेल प्रभारी, जबकि सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी होंगे।
पूर्वोत्तर के राज्यों में अरुणाचल प्रदेश की जिम्मेदारी डॉ. देवेश कुमार को दी गई है। सिक्किम में राजू बिष्ट, मेघालय में कनाड पुरकायस्थ और डॉ. नुमल मोमिन, मिजोरम में डॉ. भागवत कराड और त्रिपुरा में मृगांक देव बर्मन को जिम्मेदारी मिली है। नगालैंड में अनिल एंटनी प्रभारी होंगे।
2027 के चुनावों पर संगठन का फोकस
नई नियुक्तियों में उन राज्यों पर भी विशेष ध्यान दिखाई देता है जहां 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर, गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लिए संगठनात्मक टीमें तय की गई हैं। इन राज्यों में प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति अब पार्टी के प्रदेश स्तर के संगठन के साथ समन्वय में काम करने की जिम्मेदारी होगी।
बीजेपी की ओर से घोषित सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई सूची के साथ पार्टी ने राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया ढांचा तय किया है, जिसमें कई नेताओं को एक से अधिक राज्यों का प्रभार दिया गया है।



