Yogi Adityanath: कम उम्र में शादी रोकने के लिए सरकार की पहल, 23 लाख से अधिक लोगों ने ली शपथ
Yogi Adityanath: ग्राम पंचायतों के माध्यम से बाल विवाह मुक्त गांव बनाने की पहल
Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे अभियान में जनभागीदारी लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक प्रदेश में 23.16 लाख से अधिक लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली है। इसके अलावा 2.82 लाख से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। प्रदेश के सभी 75 जिलों में चल रही इस पहल के जरिए बाल विवाह रोकने के साथ बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, बाल विवाह से जुड़े संकेतकों में उत्तर प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। अभियान के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन से लेकर ग्राम पंचायतों तक को सौंपी गई जिम्मेदारी
बाल विवाह के खिलाफ इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कई सरकारी विभागों को एक साथ जोड़ा गया है। अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के दिशा-निर्देशों पर महिला कल्याण विभाग अभियान का समन्वय कर रहा है। जिलाधिकारियों की निगरानी में शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभाग अपने स्तर पर काम कर रहे हैं।
अभियान की निगरानी और बाल विवाह की रोकथाम के लिए जनपद, तहसील, ब्लॉक तथा ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी नामित किए गए हैं। ग्राम पंचायतों को भी इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। तय मानकों को पूरा करने वाले गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
तीन मोर्चों पर एक साथ चल रही जागरूकता मुहिम
महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति ने बताया कि 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक अभियान के तीनों विषयगत क्षेत्रों में समानांतर रूप से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके तहत शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, परिवारों के साथ संवाद स्थापित करने और धार्मिक व सामुदायिक नेताओं को मुहिम से जोड़ने पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह आयोजनों में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भी निगरानी की जा रही है। संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन और नियमित निरीक्षण अभियान का हिस्सा है। हेल्पलाइन पर दूसरे राज्यों से जुड़े बाल विवाह के मामलों की जानकारी भी मिल रही है। ऐसी सूचनाओं पर संबंधित राज्यों और जिलों के अधिकारियों से संपर्क कर जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
27 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम
बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुए। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और किशोर-किशोरियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रमों में लोगों को सामूहिक शपथ दिलाई गई और संवाद के जरिए बाल विवाह रोकने के उपायों पर चर्चा की गई। साथ ही बच्चों की पढ़ाई, सुरक्षा और उनके अधिकारों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। नागरिकों से अपील की गई कि यदि उन्हें कहीं बाल विवाह होने की आशंका या इसकी जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 उपलब्ध हैं।
केंद्र सरकार ने 2024 में शुरू किया था अभियान
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत लगातार 100-100 दिनों के विशेष अभियान तीन चरणों में चलाए जा रहे हैं। पहले चरण में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों को केंद्र में रखकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसके लिए शपथ, संवाद, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
दूसरे चरण में धर्मगुरुओं, धार्मिक संस्थानों और विवाह सेवा प्रदाताओं को अभियान से जोड़ा गया, ताकि सामाजिक और धार्मिक स्तर पर भी बाल विवाह रोकने का संदेश पहुंचाया जा सके। तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में चल रही मौजूदा मुहिम में भी सरकारी विभागों के साथ परिवारों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को शामिल किया गया है। 21 दिसंबर तक जारी रहने वाले अभियान के दौरान बाल विवाह रोकने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती रहेंगी।



