Headache: जहरीली हवा और सिरदर्द का क्या है संबंध? डॉक्टर ने बताई अहम बातें

Headache: सूक्ष्म प्रदूषक कण शरीर में बढ़ा सकते हैं सूजन

Headache: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगता है। खराब हवा का प्रभाव केवल सांस और फेफड़ों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कुछ लोगों को सिरदर्द की समस्या भी परेशान कर सकती है। यदि घर से बाहर निकलने के बाद सिर में भारीपन, माथे में दर्द या लंबे समय तक सिरदर्द महसूस हो रहा है, तो इसकी एक संभावित वजह प्रदूषण भी हो सकता है।

हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे सूक्ष्म कण शरीर में पहुंचकर सूजन की प्रक्रिया को बढ़ा सकते हैं। इसका असर उन लोगों पर अधिक दिखाई दे सकता है, जिन्हें पहले से माइग्रेन या बार-बार सिरदर्द होने की शिकायत रहती है।

वाराणसी के गैलेक्सी अस्पताल के प्रमुख न्यूरोसर्जन डॉ. विश्वेश दत्त तिवारी के मुताबिक, वायु गुणवत्ता खराब होने पर माइग्रेन से पीड़ित लोगों में दर्द शुरू होने या पहले से मौजूद परेशानी बढ़ने की आशंका रहती है।

प्रदूषण के कण कैसे पहुंचाते हैं शरीर को नुकसान?

हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व सांस लेने के दौरान शरीर में प्रवेश करते हैं। बड़े आकार के कण नाक और श्वसन तंत्र के ऊपरी हिस्से में काफी हद तक रुक जाते हैं, जबकि PM10 के कण फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। PM2.5 का आकार और छोटा होता है, इसलिए ये फेफड़ों के गहरे हिस्सों में प्रवेश कर सकते हैं।

कुछ प्रदूषक कण शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव बढ़ाने में भूमिका निभा सकते हैं। इनका प्रभाव केवल फेफड़ों पर ही नहीं, बल्कि रक्त प्रवाह और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी पड़ सकता है।

डॉ. तिवारी के अनुसार, प्रदूषण के कारण कोशिकाओं के सामान्य कामकाज पर असर पड़ सकता है। शरीर में बढ़ने वाली सूजन नसों और रक्त वाहिकाओं को प्रभावित कर सकती है। कुछ लोगों में इससे सिरदर्द और माइग्रेन से संबंधित तंत्रिकाएं अधिक सक्रिय हो सकती हैं। हालांकि, प्रदूषण और सिरदर्द के बीच संबंध को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए अभी और शोध की आवश्यकता है।

खराब AQI के दिनों में क्यों बढ़ जाती है परेशानी?

जब हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा अधिक होती है, तो लंबे समय तक उनके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। कुछ लोगों को ऐसे दिनों में बाहर निकलने के बाद सिरदर्द होने लगता है, जबकि माइग्रेन के मरीजों का दर्द पहले से अधिक हो सकता है।

प्रदूषित हवा के कारण नाक बंद होना, गले में जलन, खांसी और आंखों में परेशानी भी हो सकती है। इन लक्षणों के साथ सिर में दबाव और भारीपन महसूस हो सकता है। यदि व्यक्ति पहले से तनाव, नींद की कमी या शरीर में पानी की कमी से जूझ रहा है, तो सिरदर्द और अधिक परेशान कर सकता है।

किन लोगों के लिए प्रदूषण ज्यादा परेशानी का कारण?

माइग्रेन और बार-बार सिरदर्द से पीड़ित लोगों को प्रदूषण बढ़ने पर अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा ऐसे लोग भी जोखिम के अधिक संपर्क में आ सकते हैं, जो रोजाना लंबे समय तक व्यस्त सड़कों, निर्माण स्थलों या औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास रहते हैं अथवा काम करते हैं।

यदि किसी व्यक्ति को लगातार ऐसा महसूस होता है कि खराब हवा के दिनों में उसका सिरदर्द बढ़ जाता है, तो वह अपने लक्षणों के साथ रोजाना का AQI भी दर्ज कर सकता है। इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि वायु गुणवत्ता में बदलाव और सिरदर्द के बीच कोई संभावित संबंध है या नहीं।

सिरदर्द के साथ दिख सकते हैं ये लक्षण

प्रदूषण से जुड़े सिरदर्द की कोई अलग और निश्चित पहचान नहीं होती। इसका अनुभव सामान्य सिरदर्द, माइग्रेन या साइनस की परेशानी जैसा हो सकता है। कुछ लोगों को माथे या कनपटी में हल्का लेकिन लगातार दर्द महसूस होता है। वहीं, कुछ लोगों को सिर में खिंचाव और दबाव जैसा एहसास हो सकता है।

इसके साथ आंखों में जलन, आंखों से पानी आना, नाक बंद होना, गले में जलन और खांसी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। माइग्रेन के मरीजों में सिर के एक हिस्से में धड़कन जैसा दर्द, जी मिचलाना और तेज रोशनी या आवाज से परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

अगर खराब हवा में कुछ समय बिताने के बाद बार-बार सिरदर्द होता है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय इसके कारणों को समझना जरूरी है।

प्रदूषण के बीच सिरदर्द से बचने के लिए क्या करें?

हवा की गुणवत्ता को व्यक्तिगत स्तर पर नियंत्रित करना संभव नहीं है, लेकिन प्रदूषण के संपर्क को कम करने के लिए कुछ उपाय अपनाए जा सकते हैं।

  • AQI की जानकारी लेते रहें: घर से निकलने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स जांचें। हवा बहुत खराब होने पर गैरजरूरी बाहर जाने से बचें।
  • N95 मास्क पहनें: बाहर जाना जरूरी हो तो चेहरे पर सही तरीके से फिट होने वाला N95 मास्क लगाएं। यह हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों के संपर्क को कम करने में मदद कर सकता है।
  • घर की हवा साफ रखें: कमरे के आकार के अनुसार उपयुक्त क्षमता वाला एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • घर के अंदर धुआं न फैलाएं: धूम्रपान से बचें और अगरबत्ती तथा मच्छर भगाने वाली कॉइल का इस्तेमाल सीमित रखें।
  • सिरदर्द का हिसाब रखें: दर्द कब शुरू हुआ, कितनी देर रहा और उस दिन AQI कितना था, इसकी जानकारी लिखते रहें।
  • डॉक्टर की सलाह लें: माइग्रेन की समस्या होने पर अपने उपचार और दवाओं को लेकर चिकित्सक के निर्देशों का पालन करें।

हर सिरदर्द की वजह प्रदूषण नहीं

सिरदर्द के पीछे कई कारण हो सकते हैं। नींद पूरी न होना, तनाव, माइग्रेन, साइनस और आंखों से जुड़ी समस्याएं भी इसकी वजह बन सकती हैं। इसलिए हर बार सिरदर्द होने पर प्रदूषण को ही जिम्मेदार मानना उचित नहीं है। यदि दर्द लगातार बना रहता है या सामान्य से अलग महसूस होता है, तो चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है। अचानक बहुत तेज सिरदर्द, शरीर में कमजोरी, बोलने में परेशानी, बेहोशी या नजर में अचानक बदलाव होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।

Related Articles