Uttar Pradesh: ‘कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते’, मां को याद कर भावुक हुए CM योगी, भिक्षा मांगने के उस प्रसंग का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को याद करते हुए 'मुख्यमंत्री पाती' में भावुक प्रसंग साझा किया। जानिए संन्यास के बाद मां से भिक्षा मांगने की पूरी कहानी।
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को याद करते हुए एक बेहद भावुक पत्र लिखा है। मां के निधन के बाद लिखी गई इस पाती में मुख्यमंत्री ने मां की ममता, उनके संस्कार और जीवन में उनके महत्व को शब्दों में बयां किया है। इस दौरान उन्होंने अपने संन्यास जीवन से जुड़ा एक ऐसा पुराना प्रसंग भी साझा किया, जिसे पढ़कर लोग भावुक हो रहे हैं। यह प्रसंग उस समय का है, जब संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद योगी आदित्यनाथ भगवा वस्त्र धारण कर अपने घर पहुंचे थे और परंपरा के अनुसार अपनी मां से भिक्षा मांगी थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी ‘मुख्यमंत्री पाती’ में मां के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा, ‘सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं।’ उनके इस पत्र में व्यक्तिगत भावनाओं के साथ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में मां के स्थान का भी उल्लेख किया गया है।
मां सिर्फ जननी नहीं, जगत-जननी हैं: योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती की शुरुआत मां के महत्व को बताते हुए की। उन्होंने लिखा कि यह पत्र प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन और संसार की कल्पना भी संभव नहीं है। मां सिर्फ एक बच्चे को जन्म देने वाली नहीं होती, बल्कि वह उसके जीवन की पहली गुरु और सबसे मजबूत आधार भी होती है।
योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “मां सिर्फ जननी ही नहीं, जगत-जननी हैं। ईश्वर की जननी भी मां ही हैं।” उन्होंने भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान श्रीराम के वनगमन के समय माता कौशल्या का आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण का मां की इच्छा से गोकुल पहुंचना मातृत्व की महत्ता को दर्शाता है।
उन्होंने बालक ध्रुव और प्रह्लाद के जीवन में भी मां के संस्कारों की भूमिका का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता।
मां के न होने का अर्थ सिर्फ किसी व्यक्ति का बिछड़ना नहीं
अपनी मां को याद करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने लिखा कि मां का न होना केवल किसी व्यक्ति का दुनिया से चले जाना नहीं है। इसका अर्थ है भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त मिलने वाला प्यार और घर की वह छांव खो देना, जिसके नीचे इंसान खुद को सबसे सुरक्षित महसूस करता है।
उन्होंने अपनी मां को प्रथम गुरु और अक्षर ज्ञान देने वाली बताया। योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि जब उनकी पूजनीय मां अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो उनके सामने जीवन का एक पुराना दृश्य फिर से जीवंत हो उठा। यह वह समय था, जब संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र धारण कर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे।
जब संन्यासी बेटे ने मां से मांगी थी भिक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में संन्यास जीवन से जुड़ा बेहद भावुक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि संन्यास परंपरा के अनुसार भिक्षा मांगने के लिए जब वह अपने घर पहुंचे और आवाज लगाई, तो उनकी मां बाहर आईं। भगवा वस्त्रों में अपने बेटे को देखकर मां को एक पल के लिए विश्वास ही नहीं हुआ।
योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि उन्होंने अपनी मां से कहा, “मां, भिक्षा दीजिए।”
इस पर मां ने उन्हें देखकर सवाल किया, “बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?”
मां के इस सवाल में एक बेटे के प्रति उनकी चिंता और ममता साफ झलक रही थी। इसके जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संन्यास उनका धर्म है। एक योगी के लिए भिक्षा ही भिटौली है। वह घर में रहने के लिए नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां उन्हें भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही उनकी मनोकामना को पूर्ण करेगा।
मुख्यमंत्री ने इस प्रसंग के जरिए बताया कि मां की ममता कितनी गहरी होती है। एक तरफ मां के मन में अपने बेटे के लिए चिंता थी, तो दूसरी तरफ उन्होंने उसके संन्यास और आध्यात्मिक संकल्प का सम्मान भी किया।
हर निराश्रित मां का सहारा बनने की अपील
अपनी भावुक पाती के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से मां के प्रति सम्मान को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान तभी होगा, जब समाज उनके दुख और जरूरतों को समझेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे किसी निराश्रित मां का सहारा बनें, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझें और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें।
योगी आदित्यनाथ का यह पत्र एक बेटे की अपनी मां के प्रति भावनाओं को व्यक्त करने के साथ-साथ समाज को मातृत्व के सम्मान और बुजुर्ग महिलाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी याद दिलाने का संदेश भी देता है। मां के प्रति कृतज्ञता जताते हुए मुख्यमंत्री ने यही भाव सामने रखा कि मां का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उनके दिए संस्कारों को अपने कर्मों में उतारकर उनके प्रति कर्तव्य जरूर निभाया जा सकता है।



