JEE Main 2027: आधार में नाम अलग होने पर भी मिलेगा मौका, NTA ने साफ किए नियम
JEE Main 2027: 10वीं की मार्कशीट के अनुसार भरना होगा नाम, अपार आईडी अनिवार्य नहीं; आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर
JEE Main 2027: जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन करने जा रहे छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कई महत्वपूर्ण नियम स्पष्ट किए हैं। एजेंसी के अनुसार, यदि किसी उम्मीदवार के आधार कार्ड और कक्षा 10वीं की मार्कशीट में नाम की स्पेलिंग या विवरण अलग-अलग हैं, तो केवल इस वजह से उसका आवेदन या उम्मीदवारी प्रभावित नहीं होगी। इस स्पष्टीकरण से उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो दस्तावेजों में नाम के अंतर को लेकर परेशान थे।
एनटीए ने रजिस्ट्रेशन से जुड़ी सामान्य समस्याओं का समाधान करने के लिए 48 सवालों की विस्तृत सूची भी जारी की है। इसमें आवेदन प्रक्रिया, डिजिलॉकर, अपार आईडी, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा केंद्र के शहर और करेक्शन विंडो से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई है।
10वीं के प्रमाणपत्र में दर्ज नाम ही होगा मान्य
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जेईई मेन 2027 का आवेदन भरते समय उम्मीदवार को अपना नाम कक्षा 10वीं की मार्कशीट में दर्ज विवरण के अनुसार लिखना होगा। आधार कार्ड में नाम की वर्तनी या अन्य जानकारी अलग होने पर भी आवेदन में 10वीं के प्रमाणपत्र को ही आधार बनाना होगा। एजेंसी ने यह भी साफ किया है कि दोनों दस्तावेजों में अंतर होने के कारण किसी छात्र की उम्मीदवारी रद्द नहीं की जाएगी।
अपार आईडी के बिना भी कर सकेंगे आवेदन
जेईई मेन 2027 के रजिस्ट्रेशन के लिए अपार आईडी अनिवार्य नहीं रखी गई है। जिन छात्रों के पास यह आईडी नहीं है, वे भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। हालांकि, एनटीए ने उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन से पहले डिजिलॉकर की री-केवाईसी पूरी करने की सलाह दी है। इससे आवेदन के कन्फर्मेशन पेज पर उनकी नवीनतम तस्वीर सही तरीके से दिखाई देने में मदद मिलेगी।
यदि डिजिलॉकर में लॉगिन करते समय कोई समस्या आती है, तो उम्मीदवार अपने व्यक्तिगत लॉगिन क्रेडेंशियल्स के जरिए दोबारा प्रयास कर सकते हैं।
कैटेगरी सर्टिफिकेट अपलोड करने की जरूरत नहीं
एनटीए के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, आवेदन के समय कैटेगरी प्रमाणपत्र अपलोड करना जरूरी नहीं है। हालांकि, उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र का नंबर, जारी होने की तारीख और उसे जारी करने वाले प्राधिकारी का विवरण भरना होगा।
कक्षा 12वीं की परीक्षा 2026-27 में देने वाले जिन छात्रों का रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर अभी जारी नहीं हुआ है, वे आवेदन में ‘नॉट अवेलेबल’ विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, इंप्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ‘पास्ड’ विकल्प का चयन करना होगा।
चार परीक्षा शहरों का दे सकेंगे विकल्प
आवेदन के दौरान छात्र निर्धारित पते से संबंधित शर्तों के अनुसार अधिकतम चार पसंदीदा परीक्षा शहर चुन सकेंगे। लाइव फोटो अपलोड करने में भी एनटीए ने जरूरी जानकारी दी है। यदि सिस्टम किसी उम्मीदवार की लाइव फोटो स्वीकार नहीं करता है, तो वह दोबारा फोटो खींचकर अपलोड करने की कोशिश कर सकता है। जरूरत पड़ने पर यह प्रक्रिया कई बार दोहराई जा सकती है।
दूसरे सत्र के लिए फिर भरना होगा फॉर्म
जेईई मेन 2027 के अप्रैल में प्रस्तावित दूसरे सत्र में परीक्षा देने के इच्छुक छात्रों को अलग से आवेदन करना होगा। पहले सत्र का फॉर्म भरने मात्र से दूसरे सत्र में शामिल होने का विकल्प स्वतः नहीं मिलेगा। इसके लिए निर्धारित अवधि में नया आवेदन जमा करना होगा।
आवेदन और परीक्षा की जरूरी तारीखें
एनटीए के जारी कार्यक्रम के अनुसार, जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 23 से 26 नवंबर तक किया जा सकेगा। इसके बाद 27 से 29 नवंबर तक आवेदन में सुधार का अवसर मिलेगा।
पहले सत्र की संभावित परीक्षा 20 से 30 जनवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएगी। वहीं, दूसरे सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन 5 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें और दस्तावेजों में दर्ज जानकारी के अनुसार ही विवरण जमा करें।



