Akshay Kumar: अक्षय कुमार की ‘समुक’ का पोस्टर जारी, रिलीज डेट घोषित

Akshay Kumar: सैन्य लुक में दिखे अक्षय, 28 मई 2027 को रिलीज होगी फिल्म

Akshay Kumar: अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर बड़े पर्दे पर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘समुक’ का मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म 28 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि अक्षय कुमार पहली बार साइंस-फिक्शन जॉनर की फिल्म में नजर आने वाले हैं।

फिल्म के सामने आए मोशन पोस्टर में रहस्य और रोमांच का माहौल देखने को मिलता है। शुरुआत एक रहस्यमयी हाथ और डरावनी बैकग्राउंड ध्वनि से होती है। इसके बाद अक्षय कुमार सैन्य वर्दी में दिखाई देते हैं। उनके हाथ में राइफल है और उनका लुक एक मिशन पर निकले सैनिक जैसा नजर आता है। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म की टैगलाइन ‘द मिशन इज ह्यूमन बट द एनिमी इजंट’ यानी मिशन इंसानों का है, लेकिन दुश्मन इंसान नहीं है, कहानी को लेकर कई संकेत देती है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में इंसानों का सामना किसी ऐसे खतरे से हो सकता है, जो सामान्य मानवीय दुनिया से अलग है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक कहानी का खुलासा नहीं किया है।

‘समुक’ को सर्वाइवल और एक्शन से भरपूर थ्रिलर बताया जा रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार किस भूमिका में नजर आएंगे और उनके साथ अन्य कलाकार कौन होंगे, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म के किरदारों और कहानी से जुड़े दूसरे पहलुओं का खुलासा भी अभी बाकी है। निर्माताओं की ओर से इसी दिन दोपहर दो बजे एक और अपडेट दिए जाने की बात कही गई थी।

इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार एक बार फिर निर्देशक विपुल अमृतलाल शाह के साथ काम कर रहे हैं। दोनों इससे पहले ‘आंखें’, ‘वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम’, ‘नमस्ते लंदन’, ‘सिंह इज किंग’ और ‘एक्शन रिप्ले’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इन फिल्मों में कॉमेडी, ड्रामा, रोमांस और एक्शन जैसे अलग-अलग रंग देखने को मिले थे। अब यह जोड़ी साइंस-फिक्शन थ्रिलर के जरिए दर्शकों के सामने एक नई कहानी पेश करने जा रही है।

अक्षय कुमार इससे पहले इस साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए थे। अब ‘समुक’ में उनका नया लुक और अलग तरह का किरदार चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म की रिलीज में अभी समय है, लेकिन मोशन पोस्टर ने इसकी कहानी और रहस्यमयी दुश्मन को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी है।

Related Articles