India Visit: ब्रिटिश शाही दंपती के मुंबई दौरे से बदलेगी शहर की रफ्तार, दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक पर रहेगी पाबंदी
India Visit: शाही दौरे के चलते 16 से 19 नवंबर तक दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन रहेगा।
India Visit: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट की भारत यात्रा के मद्देनजर मुंबई में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। शाही दंपती के कार्यक्रमों के दौरान दक्षिण मुंबई के कई प्रमुख इलाकों में 16 से 19 नवंबर 2026 तक यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी। इस अवधि में कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद की जाएगी, जबकि कई मार्गों पर ट्रैफिक को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ा जाएगा। निर्धारित क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग पर भी अस्थायी रोक रहेगी।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर वाहन चालकों को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी है। दक्षिण ट्रैफिक के डीसीपी हेमराजसिंह राजपूत की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, हुतात्मा राजगुरु चौक, शहीद भगतसिंह मार्ग, बैलार्ड पियर और एनसीपीए परिसर के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। इन क्षेत्रों में सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुसार वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
पुलिस की ओर से किए जा रहे इन बदलावों का उद्देश्य शाही दंपती के कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही सामान्य यातायात को व्यवस्थित रखना है। प्रतिबंधित इलाकों में जाने वाले लोगों को परेशानी से बचने के लिए पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
अर्थशॉट प्राइज समिट में हिस्सा लेंगे विलियम और केट
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट 16 से 18 नवंबर तक मुंबई में प्रवास करेंगे। इस दौरान दोनों अर्थशॉट प्राइज समिट और अवॉर्ड नाइट में शामिल होंगे। उनके दौरे को देखते हुए दक्षिण मुंबई में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसी के तहत ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अलग से यातायात योजना तैयार की है।
आपातकालीन सेवाओं को नहीं रोका जाएगा
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात प्रतिबंधों के बावजूद आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। एंबुलेंस, दमकल विभाग, पुलिस और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन बिना बाधा अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पुलिस ने मुंबई के नागरिकों और इन इलाकों से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी हासिल कर लें। प्रतिबंधित मार्गों से बचें और उपलब्ध वैकल्पिक रास्तों का चयन करें, ताकि यात्रा के दौरान जाम और अनावश्यक देरी की स्थिति न बने।



