Rahul Gandhi: रामलीला मैदान में 1 नवंबर को गरजेगा विपक्ष, राहुल गांधी बोले – ‘वोट चोरी का जवाब देगा देश, प्रचार के लिए BJP का आभार’
Rahul Gandhi: 'वोट बचाओ - देश बचाओ' रैली से पहले कांग्रेस का हमला; राहुल ने युवाओं व किसानों को दिल्ली बुलाया।
Rahul Gandhi: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली विपक्ष की महारैली से पहले राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर वोटों की चोरी और चुनावी धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता अब यह चुपचाप सहन नहीं करेगी। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए रैली का मुफ्त प्रचार करने के लिए बीजेपी का शुक्रिया भी अदा किया।
‘लाठियां चलीं, अब देश देगा जवाब’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) के जरिए जनता से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से नाम काटे गए और नियम तोड़े गए। जब सवाल पूछे गए तो लाठियां चलाई गईं, लेकिन अब जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों से 1 नवंबर को ‘वोट बचाओ – देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
बीजेपी पर कसा तंज
रैली पर बीजेपी की बयानबाजी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि बीजेपी और उसके सहयोगी अनजाने में इस महारैली का इतना प्रचार कर रहे हैं कि यह बात घर-घर तक पहुंच गई है। इसके लिए उन्होंने सत्तापक्ष का धन्यवाद किया और कार्यकर्ताओं से अगले 7 दिनों तक यही जोश बनाए रखने को कहा।
‘इंडिया’ गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन 1 नवंबर को रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन करेगा। कांग्रेस ने रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है और देश भर से भीड़ जुटाने की रणनीति तैयार कर ली है।



