SSC CGL Exam 2026 Update: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGL) 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार टियर-1 परीक्षा 30 सितंबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कई शिफ्टों में होगी।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में 12,256 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, ऑडिटर, जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर और अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
100 प्रश्नों का होगा प्रश्नपत्र
SSC CGL टियर-1 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 200 अंकों की होगी और चार अलग-अलग सेक्शन शामिल होंगे।
- जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग – 25 प्रश्न
- जनरल अवेयरनेस – 25 प्रश्न
- क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड – 25 प्रश्न
- इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन – 25 प्रश्न
प्रत्येक सेक्शन 50 अंकों का होगा। परीक्षा का उद्देश्य अभ्यर्थियों की तार्किक क्षमता, सामान्य ज्ञान, गणितीय योग्यता और अंग्रेजी समझ का मूल्यांकन करना है।
इस बार क्या बदला?
SSC CGL 2026 में सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा के समय प्रबंधन को लेकर किया गया है। अब प्रत्येक सेक्शन के लिए अलग समय निर्धारित होगा।
उम्मीदवारों को कुल 60 मिनट मिलेंगे, लेकिन हर सेक्शन के लिए केवल 15 मिनट का समय रहेगा। निर्धारित समय पूरा होते ही संबंधित सेक्शन स्वतः सबमिट हो जाएगा और उसके उत्तर लॉक हो जाएंगे।
इस नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थी किसी भी पुराने सेक्शन में वापस जाकर प्रश्न हल नहीं कर सकेंगे। इसलिए समय का सही उपयोग करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण होगा।
नेगेटिव मार्किंग रहेगी लागू
परीक्षा में गलत उत्तर देने पर 0.50 अंक की कटौती की जाएगी। वहीं अंग्रेजी अनुभाग को छोड़कर अन्य प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेंगे।
कब जारी होंगे एडमिट कार्ड?
आयोग की ओर से परीक्षा शहर और आवेदन स्थिति की जानकारी परीक्षा तिथि से लगभग 9 से 12 दिन पहले जारी की जा सकती है। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से 2 से 3 दिन पहले उपलब्ध कराए जाएंगे।
दिसंबर में हो सकती है टियर-2 परीक्षा
SSC CGL भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले टियर-1 परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को टियर-2 परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार टियर-2 परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जा सकती है।
अंतिम मेरिट सूची टियर-1 और टियर-2 में उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी।