Jaipur News: जयपुर में गाइड मनीष सोनी की हत्या के बाद बवाल, आमेर बाजार बंद
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आमेर किले के टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना के विरोध में मंगलवार को आमेर क्षेत्र के बाजार बंद रहे। बड़ी संख्या में लोग सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पर्यटकों को रास्ता बताने को लेकर गाइड मनीष सोनी और एक जीप चालक के बीच विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि मनीष ने इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आए, जिसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल मनीष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृत्यु के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूरे आमेर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। निकाय चुनाव की वोटिंग से पहले हुई इस घटना ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।
written by Siddhi Srivastava



