हिमाचल पुलिस उत्‍तर भारत में नंबर वन, देशभर में भी जमाई धाक

शिमला। स्मार्ट पुलिस इंडेक्स में हिमाचल पुलिस ने पूरे देश में धाक जमाई है। इस रैंकिंग में प्रदेश पुलिस ने देश भर में नौवां रैंक हासिल किया है, जबकि उत्तर भारत के राज्यों में पहला रैंक पाया है। इस संबंध में इंडियन पुलिस फेडरेशन ने सर्वे किया। यह सर्वे देश के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में किया गया। 2021 के इस सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी की गई है। डीजीपी संजय कुंडू ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।

उन्होंने कहा हिमाचल पुलिस रैंकिंग में सुधार के लिए और कड़ी मेहनत करेगी। कोशिश यही है कि इसे देश के शिखर पर पहुंचाया जाए।रैंकिंग में पहले स्थान पर आंध्र प्रदेश है। इसके बाद तेलंगाना, असम, केरल, सिक्किम, मिजोरम, गुजरात, उड़ीसा और फिर हिमाचल का नाम आता है। हिमाचल से जिन राज्यों की रैंकिंग खराब रही है,उनमें पुडूचेरी, गोवा, तमिलानाडु, कर्नाटक, उत्तराखंड, पश्चमी बंगाल, मेघालय, हरियाणा, त्रिपुरा, जम्मू- कश्मीर, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश शामिल हैं।डीजीपी संजय कुंडू के अनुसार हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन बेहतर रहा है। उत्तर भारत में पहला स्थान हासिल करना बड़ी बात है। इंडियन पुलिस फाउंडेशन की ओर से सर्वे किया गया है। इसकी रिपोर्ट अब जारी हो गई है। इसमें प्रिंसिपल रिसर्चर एन रामाचंद्रन रहे। यह आइपीएस अधिकारी रहे हैं और अब रिटायर हो गए हैं। वह इंडियन पुलिस फेडरेशन के अध्यक्ष भी हैं। सर्वे के दौरान कई पैरामीटर तय किए गए थे। इन सभी के नतीजे आ गए हैं। ये हिमाचल की खाकी को गौरवान्वित कर रहे हैं।

Related Articles