कौशांबी में पुलिस टीम पर हमले में नौ के खिलाफ एफआइआर

तीन गिरफ्तार

प्रयागराज। पडोसी जनपद कौशांबी में सैनी कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर कछुवा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने देर रात दबिश देकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि अन्‍य तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इंस्पेक्टर सैनी पीके सिंह ने बताया कि उपनरीक्षक केआर सिंह की तहरीर पर सिंहू, पिंकू, फुलिया, सावित्री, समरा, इंद्रकली, अदालती, सिंटू की भाभी व राजेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सिंटू, फुलिया व इंद्रकली को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही दारोगा की गायब पिस्टल भी आरोपित सिंटू के घर से पुलिस ने बरामद कर ली है। इंस्‍पेक्‍टर ने बताया कि तीन आरोपितों को दबोच लिया गया है।
अन्‍य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्‍द ही उन्‍हें गिरफतार कर लिया जाएगा।शाम कड़ा धाम थाने के उपनिरीक्षक केआर सिंह पुलिस फोर्स के साथ कछुआ गांव में चोरी के आरोपित राजू पुत्र स्वर्गीय फूलचंद के घर दबिश देने गए थे। इस दौरान वह अभियुक्त को पकड़ कर ले जाने लगे तभी मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। महिलाओं ने ईट तथा पत्थर और डंडों से हमले किए। जिसमें उपनिरीक्षक केआर सिंह व सिपाही दिलीप सिंह जख्मी हो गए। इस दौरान उपनिरीक्षक केआर सिंह की सर्विस पिस्टल गायब हो गई। जानकारी पर सीओ सिराथू रामवीर सिंह व कई थाने की फोर्स पहुंची है। घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles